रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : तहसील चरखारी में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह और उपजिलाधिकारी चरखारी अवनीश कुमार तिवारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। चरखारी तहसील में कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसी क्रम में तहसील महोबा में उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे की अध्यक्षता में प्राप्त 16 शिकायतों में से तीन तथा तहसील कुलपहाड़ में उपजिलाधिकारी आदेश सिंह सागर की अध्यक्षता में प्राप्त 40 शिकायतों में से दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। तीनों तहसीलों में कुल 95 शिकायतें प्राप्त हुईं और सात का मौके पर समाधान किया गया।
जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी शिकायत के निस्तारण से पहले शिकायतकर्ता से बात अवश्य की जाए। यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित न माना जाए। उन्होंने आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। निस्तारण की गुणवत्ता की जांच की जाएगी और फर्जीवाड़ा मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने लेखपालों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के गांवों में पहुंचने पर डुग्गी पिटवाकर ग्रामीणों को सूचना दें, उनकी समस्याएं सुनें और छोटी समस्याओं का मौके पर समाधान करें। बड़ी समस्या होने पर तत्काल उपजिलाधिकारी को अवगत कराएं।
0 Comments