Ticker

6/recent/ticker-posts

मिट्टी-कीचड़ हटाने को लेकर महिला से मारपीट, घर में घुसकर धमकी देने का आरोप...

रिपोर्ट-घनश्याम कुमार 

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में रास्ते पर जमा मिट्टी और कीचड़ साफ करने को लेकर विवाद हो गया। महिला ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायती पत्र दिया है। महिला के मुताबिक मारपीट में उसे और उसके पिता को चोटें आई हैं। कमालपुर निवासी फूलकली पत्नी रमेश कुमार ने थाने में दिए शिकायती पत्र में बताया कि 16 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे वह अपने घर आने वाले रास्ते पर जमा मिट्टी और कीचड़ की सफाई कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का धर्मपाल पुत्र शम्भू वहां पहुंचा और मिट्टी हटाने को लेकर विवाद करने लगा। महिला का कहना है कि रास्ते पर कीचड़ होने के कारण आवागमन में परेशानी और पास स्थित गहरे तालाब में फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ था, इसलिए वह रास्ते की सफाई कर रही थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर धर्मपाल ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए उसके बाल पकड़कर मारपीट की और फावड़ा लेकर उसे दौड़ा लिया। शोर सुनकर महिला के पिता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। महिला का आरोप है कि इसके बाद धर्मपाल के भाई बचान तथा नरेंद्र, अरविन्द और अरुण भी मौके पर पहुंच गए और उसके पिता के साथ मारपीट की।

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि बाद में अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर महिला के घर में घुस गए। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। महिला ने बताया कि घटना के बाद वह और उसका परिवार भयभीत है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments