रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : सैनी कोतवाली क्षेत्र के केसरिया गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार DCM आगे जा रहे कंटेनर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि DCM का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व खलासी वाहन में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद DCM में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाला। दोनों की हालत गंभीर होने पर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिराथू भेजा गया।
वहां इलाज के दौरान DCM चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी का उपचार जारी है। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। पुलिस ने मृत चालक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
0 Comments