रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को कम्युनिटी गार्डन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 89 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों को सुखी, समृद्ध एवं खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह, जिला विकास अधिकारी पंकज यादव तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी शशिकांत सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में विवाह की रस्में संपन्न हुईं। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण और मंगलमय रहा।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता प्रदान करना तथा शादी के अवसर पर परिवारों पर पड़ने वाले अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम करना है।
इस योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इससे जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलने के साथ ही सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलता है। योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान बताया गया। इसमें वैवाहिक वधू के खाते में 64 हजार रुपये, शासन द्वारा निर्धारित उपहार सामग्री के लिए 21 हजार रुपये तथा कार्यक्रम आयोजन के लिए 15 हजार रुपये शामिल हैं।
सामूहिक विवाह समारोह में संबंधित विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने और नवदंपतियों के नए जीवन की शुरुआत को यादगार बनाने का प्रयास किया गया।
0 Comments