रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : मंझनपुर थाना क्षेत्र के ओसा चौराहे के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार मासूम बच्चे को कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद डंपर बच्चे को दूर तक घसीटता चला गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर डंपर चालक को पकड़ लिया। मृतक की पहचान कोखराज थाना क्षेत्र के ककोढ़ा गांव निवासी मिथलेश केशरवानी के पुत्र कृष्णा केशरवानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कृष्णा अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। सोमवार सुबह वह साइकिल से कहीं जा रहा था। इसी दौरान ओसा चौराहे के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे में मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस बच्चे को परिवार ने बेहतर भविष्य के सपनों के साथ पढ़ाई के लिए ननिहाल में रखा था, उसकी असमय मौत से घर में मातम छा गया।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों पर नियंत्रण जरूरी है, ताकि इस तरह के हादसों में किसी अन्य परिवार को अपना मासूम न खोना पड़े।
0 Comments