Ticker

6/recent/ticker-posts

जीटी रोड पर तेज रफ्तार कार का कहर, आठ वर्षीय लड़की की मौत...

रिपोर्ट-राजकुमार 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के धन्नी गांव के सामने जीटी रोड पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, धन्नी गांव निवासी फूलचंद की आठ वर्षीय पुत्री सुमित्रा गुरुवार सुबह करीब छह बजे घर के पास स्थित सार्वजनिक नल से पानी भरकर लौट रही थी। वह जीटी रोड के किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में परिजन घायल सुमित्रा को मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया गया कि सुमित्रा सात बहनों में चौथे नंबर पर थी। छोटी उम्र में बच्ची की दर्दनाक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी हादसे को लेकर शोक का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments