Ticker

6/recent/ticker-posts

अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, लंबित मुकदमों में प्रभावी पैरवी के निर्देश...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जिलाधिकारी प्रभाष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार, 27 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, न्यायालयों में लंबित मुकदमों की पैरवी, विवेचनाओं के निस्तारण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सक्रियता से कार्य करने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को धारा 107/116 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों को पाबंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने निदेशक अभियोजन को न्यायालयों में लंबित वादों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा महत्वपूर्ण मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई के लिए प्रस्तुत कराने पर जोर दिया। महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अपहृताओं की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में आपराधिक घटनाओं और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने विवेचनाओं का गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शातिर एवं अभ्यस्त अपराधियों को चिह्नित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों के जब्तीकरण की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। सरकारी भूमि और भूमि विवादों के निस्तारण पर जोर जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि से जुड़े मामलों में लेखपाल और राजस्व निरीक्षक की जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि से संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

इसके साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों को भूमि विवादों और पत्थरगड्डी से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निस्तारित करने को कहा, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक में पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे, उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ प्रदीप कुमार, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी सहित अभियोजन विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments