Ticker

6/recent/ticker-posts

जेठ पर हिस्से से अधिक जमीन कब्जाने का आरोप, असलहे के दम पर धमकाने की शिकायत...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 


कौशाम्बी : संदीपनघाट थाना क्षेत्र के तेलियन का पुरा गांव की रहने वाली प्रतिभा रानी यादव ने जमीन पर कब्जे के विवाद में जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी चायल से शिकायत की है। पीड़िता ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है। सीओ चायल को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, प्रतिभा रानी यादव पत्नी जय सिंह का कहना है कि मौजा बलकरनपुर स्थित आराजी संख्या 163 की भूमि उनके पति के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। आरोप है कि उनके जेठ रामसिंह यादव अपने हिस्से से अधिक भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले में गांव के अनिल कुमार पुत्र सदाशिव, त्रिवेणी प्रसाद पुत्र शारदा प्रसाद और पुष्पेंद्र पुत्र राजबहादुर पर भी कब्जे के प्रयास में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।

पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर संबंधित लोग उसे धमकाते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपितों के पास असलहे हैं और वे जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़िता के मुताबिक, जमीन को लेकर कमिश्नरी इलाहाबाद और दीवानी न्यायालय मंझनपुर में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि मुकदमे के दौरान अनिल कुमार ने कब्जे की नीयत से अपने पक्ष में जमीन का बैनामा अपनी मां मालतू देवी के नाम करा लिया।

प्रतिभा रानी यादव का कहना है कि वह आशा बहू के रूप में कार्य करती हैं, जिसके चलते उन्हें घर से बाहर आना-जाना पड़ता है। ऐसे में उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। पीड़िता ने पुलिस क्षेत्राधिकारी चायल से मामले की जांच कराने, धमकी देने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments