Ticker

6/recent/ticker-posts

मेडरहा-भैरवां लूटकांड का खुलासा, दो आरोपियों के पैर में लगी पुलिस की गोली...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : थाना कौशाम्बी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान लूट की घटनाओं में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, सोने की दो नाक की पुल्ली और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय मंझनपुर भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को थाना कौशाम्बी क्षेत्र के मेडरहा गांव निवासी गर्नेशिया देवी पत्नी स्वर्गीय बेचू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दोपहर में खेत जाते समय बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनकी नाक से सोने की पुल्ली नोच ली और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की तलाश कर रही थी।

इसी क्रम में 30/31 अक्टूबर की रात थाना कौशाम्बी पुलिस और एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से जुड़े दो आरोपी बिंदाव गांव में दोमुंडा नहर की पुलिया के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन बारिश के कारण उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद फारुक पुत्र शबीर और नईम अख्तर पुत्र स्वर्गीय गरीबुद्दीन निवासी हकीमपुर खंतवा, थाना खखरेरू, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मेडरहा और भैरवां गांव में दो बुजुर्ग महिलाओं की नाक की सोने की पुल्ली लूटने की बात स्वीकार की है।

उन्होंने बताया कि वे आसपास के जनपदों में घूमकर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। बरामदगी और घटनाओं के संबंध में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। मौके पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलन भी किया।

Post a Comment

0 Comments