Ticker

6/recent/ticker-posts

फाफामऊ में एक करोड़ से अधिक की स्मैक बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : फाफामऊ थाना पुलिस और सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 515 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ तीन लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात करीब तीन बजे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान थाना फाफामऊ क्षेत्र में कुछ लोगों के पास स्मैक होने की सूचना मिली। सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मलाक हरहर स्थित सिंगला कंस्ट्रक्शन कार्यालय वाले मार्ग के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनाउल्लाह उर्फ रानू (35) निवासी पुराना कटरा, थाना कर्नलगंज, मोहम्मद कैफ (24) निवासी हरवारा, थाना धूमनगंज और मनोज बारी (46) निवासी पुराना कटरा, थाना कर्नलगंज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान सनाउल्लाह के कब्जे से 201 ग्राम, मोहम्मद कैफ के पास से 138 ग्राम और मनोज बारी के कब्जे से 176 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। तीनों के पास से कुल 515 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इस मामले में थाना फाफामऊ में मुकदमा अपराध संख्या 267/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments