ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : चायल तहसील क्षेत्र के बिलासपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुश्तैनी भूमि पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में पुलिस पर भी कार्यवाही नहीं करने तथा हल्का दरोगा पर विपक्षियों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। बिलासपुर निवासी मुन्नू पुत्र राम खेलावन के अनुसार, गांव के बाहर स्थित उसकी पुश्तैनी भूमि, आराजी संख्या 464 रकबा 0.3770 हेक्टेयर, राजस्व अभिलेखों (खतौनी) में उसके एवं उसके भाइयों के नाम दर्ज है। आरोप है कि गांव के मोहनलाल, खुद्दालाल तथा रामप्रकाश निवासी बिलासपुर वर्ष 1988 की 10 रुपये के स्टाम्प पर लिखापढ़ी का हवाला देकर जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित का कहना है कि जब भी वह खेत की जुताई-बोआई करने जाता है, विपक्षी लाठी-डंडों के साथ पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं और मारपीट की धमकी देते हैं। उसने आरोप लगाया कि पूर्व में उसकी फसल भी काट ली गई थी। शिकायत के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह ट्रैक्टर से खेत की जुताई करा रहा था, तभी आरोपित मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर चालक को भगा दिया। साथ ही दोबारा खेत पर आने पर जान से मारने की धमकी दी।
मुन्नू ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत लेकर थाने जाने पर हल्का दरोगा मामले को टाल देते हैं और विपक्षियों से मिलीभगत के चलते कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की जा रही है। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही तथा अपनी पुश्तैनी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
0 Comments