रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सुधवर (पहाड़पुर) में कक्षा-5 के छात्र वीरभान उर्फ विहान की उपचार के दौरान मौत के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्यवाही करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक समेत छह शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं दो शिक्षामित्रों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करते हुए उन्हें दूसरे विकासखंड में संबद्ध कर दिया गया है। बताया गया कि 23 जुलाई को विद्यालय में छात्रों के बीच हुए विवाद के दौरान वीरभान के साथ मारपीट हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान उसका गला दबाया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद छात्र को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता बीरू राठौर, जो पेशे से ऑटो चालक हैं, ने बताया कि उनका 12 वर्षीय बेटा कक्षा-5 का छात्र था। घर पहुंचने पर उसने बताया था कि विद्यालय में चार-पांच बच्चों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसके गले में गंभीर दर्द होने लगा और वह ठीक से खाना-पीना भी नहीं निगल पा रहा था। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ते देख विद्यालय के शिक्षक और बच्चे वहां से निकल गए। सूचना पर क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह, चरवा पुलिस, उपजिलाधिकारी चायल प्रेरणा गौतम तथा खंड शिक्षा अधिकारी हीना सिद्दीकी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने प्रथम दृष्टया छात्रों के बीच हुए विवाद की सूचना समय पर उच्चाधिकारियों को न देने तथा लापरवाही बरतने के आरोप में प्रधानाध्यापक सहित छह शिक्षकों को निलंबित कर दिया। साथ ही दो शिक्षामित्रों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ कर उन्हें दूसरे ब्लॉक में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
0 Comments