रिपोर्ट-संदीप कुमार
कौशाम्बी : जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने आधिकारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण करने से पूर्व मां शीतला देवी के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने कड़ाधाम स्थित मां शीतला शक्तिपीठ में विधिवत दर्शन-पूजन कर मां का आशीर्वाद लिया और जिले की सुख-शांति एवं कानून व्यवस्था की मंगलकामना की। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के साथ क्षेत्राधिकारी सिराथू अवधेश विश्वकर्मा भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर में पहुंचकर गहन श्रद्धा भाव से मां शीतला की पूजा अर्चना की। गौरतलब है कि कड़ाधाम स्थित मां शीतला देवी का यह मंदिर देश के 51 शक्तिपीठों में से एक माने जाने वाला पावन स्थल है। जहां दूर-दराज़ से श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं। ऐसी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलदायी होती है। पदभार ग्रहण के बाद एसपी राजेश कुमार ने कहा कि वो कौशाम्बी में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि जनता से संवाद मजबूत किया जाए। बतादें कि गाजियाबाद की व्यस्त और जटिल फील्ड से आए पुलिस कप्तान को शहरी अपराध, संगठित अपराध और साइबर क्राइम की गहरी समझ है। अब उन्हें कौशाम्बी जैसे जिले की जिम्मेदारी दी गई है। जहां अपराध की प्रकृति भले ही अलग हो परंतु कार्य शैली वही होगी। उम्मीद यही है कि वे यहां भी बेहतरीन पुलिसिंग दिखाएंगे। एसपी राजेश कुमार जब बुधवार देर शाम कौशाम्बी पहुंचे तो यह महज प्रशासनिक दस्तावेज़ों में दर्ज एक नियुक्ति नहीं थी यह बदलाव की दस्तक थी। उन्होंने कोई भाषण नहीं दिया, कोई बड़ा दावा नहीं किया। बस सीधे मां शीतला के दरबार में पहुंचे, सिर झुकाया और फिर कुर्सी संभाली। यही उनकी शैली का इशारा था। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि अब पुलिसिंग व्यवस्था में कुछ नया सुधार देखने को मिल सकता है।
0 Comments