रिपोर्ट-राकेश मिश्रा
कौशाम्बी : जनपद में थाना पिपरी क्षेत्र के गुंगवा बाग के समीप सैय्यद सरावां जाने वाले मार्ग के मोड़ पर शनिवार की रात लगभग 12:30 बजे बारात से वापस लौट रही बारातियों से भरी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जामुन के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गये। इस दुर्घटना में चार लोगों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार चालक को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी की हालत नाजुक बनी हुई है। इस दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियाँ छीन लीं। हादसे में चंद्रबदन सिंह पटेल निवासी मानिकपुर कोटवा थाना पूरामुफ्ती, रवि कुमार पटेल निवासी पूरा बजावा बकराबाद थाना पूरामुफ्ती, विकास कुमार पटेल भारतीय वायुसेना कर्मी निवासी छपरा बिहार, सुनील कुमार पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
जैसे ही हादसे की खबर मृतकों के परिजनों को पहुंची तो परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और घरों में कोहराम मच गया है परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है वहां एक अंधा मोड़ है और वहां पहले भी कई जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद अभी तक कोई सुरक्षा के उपाय सड़क प्रशासन द्वारा नहीं किया गया हैं। लोगों का आरोप है कि यह हादसा नहीं प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। उसी स्थान पर अब तक सैकड़ों से अधिक लोगों की जान जा चुकी है फिर भी रोज किनारे संकेत बोर्ड नही लगाये गये हैं। सवाल ये है कि क्या इसे भी एक सामान्य दुर्घटना मानकर फाइलें बंद कर दी जाएंगी या प्रशासन नींद से जागेगा।
0 Comments