रिपोर्ट-राकेश मिश्रा
कौशाम्बी: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिराथू में चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। अधीक्षक डॉ. अरुण तिवारी के नेतृत्व में पहली बार दो महिलाओं की सम्पूर्ण बच्चेदानी (यूटरस) का सफल ऑपरेशन किया गया। इस उपलब्धि से क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं में एक नया आयाम जुड़ा है। इस महत्वपूर्ण सर्जरी को सर्जन डॉ. आशीष कुमार, स्टाफ नर्स श्रीमती गीता देवी और फार्मासिस्ट श्री अजय सिंह की कुशल टीम ने अंजाम दिया। सफल ऑपरेशन की गई मरीजों में पहली थीं श्रीमती रमई देवी (उम्र 40 वर्ष), निवासी फरी जायस का पुरवा, थाना कोखराज और दूसरी थीं श्रीमती सुनीता देवी, पत्नी वीरन सिंह, निवासी अटसराय। दोनों ही मरीजों की हालत अब सामान्य है और वे तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सीएचसी सिराथू की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि अब जटिल ऑपरेशन के लिए बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी और ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। अधीक्षक डॉ. अरुण तिवारी ने बताया कि यह ऑपरेशन अस्पताल में उपलब्ध सीमित संसाधनों के बावजूद टीमवर्क और समर्पण का परिणाम है। भविष्य में और भी जटिल शल्य चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।
यह उपलब्धि न केवल चिकित्सा टीम की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण की दिशा में भी एक अहम कदम है।
0 Comments