Ticker

6/recent/ticker-posts

भारत यादव हत्याकांड में नया मोड़, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग...

रिपोर्ट-स्वाति यादव 

कौशाम्बी : करारी थाना क्षेत्र के चर्चित भारत यादव हत्याकांड में अब नया विवाद सामने आ गया है। मृतक के अंतिम संस्कार को लेकर उत्पन्न स्थिति के बीच परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी द्वारा अंतिम संस्कार से इनकार किए जाने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दबाव बनाने का प्रयास किया। मृतक की बहन का आरोप है कि इसी दौरान पुलिस ने उनकी भाभी के साथ मारपीट की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और मारपीट की गई। आरोप यह भी है कि मृतक के पिता को धक्का देकर गड्ढे में गिरा दिया गया, जिससे वह चोटिल हो गए। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, जिसके चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

परिजन इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और एहतियातन पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Post a Comment

0 Comments