Ticker

6/recent/ticker-posts

सैनी पुलिस ने किशोर हत्याकांड का किया खुलासा, जमीन के चंद टुकड़ों के लिए भाई बना कातिल...

रिपोर्ट-राजकुमार

कौशाम्बी : सैनी थाना क्षेत्र के मड़ियामई गांव के बाहर तालाब के पास झाड़ियों में मिले किशोर छोटू की हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, किशोर की हत्या जमीन हड़पने के लालच में उसके बड़े भाई, भाभी और भाभी के पिता ने मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा भी बरामद किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, 22 नवंबर की सुबह मड़ियामई गांव के बाहर तालाब के पास झाड़ियों में एक किशोर का शव मिला था। मृतक की पहचान रसूलपुर मड़ियामई निवासी स्वर्गीय रामलखन के पुत्र छोटू के रूप में हुई थी। घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक की मां की तहरीर पर सैनी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया था। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि घटना वाली रात मृतक की भाभी निशा देवी उसे शौच जाने के बहाने गांव के बाहर खेतों की तरफ ले गई थी।

इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि मृतक के नाम जमीन दर्ज थी, जिसे हड़पने के लालच में उसके बड़े भाई राजेश्वर उर्फ टूल्ली ने अपनी पत्नी निशा देवी और उसके पिता कमलेश के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत 21 और 22 नवंबर की मध्यरात्रि निशा किशोर को खेतों की तरफ ले गई, जहां पहले से मौजूद राजेश्वर और कमलेश के साथ मिलकर गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को तालाब के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया।

पुलिस ने मामले में राजेश्वर उर्फ टूल्ली, उसकी पत्नी निशा देवी निवासी रसूलपुर मड़ियामई तथा कमलेश निवासी ग्राम आम्बी, थाना हुसैनगंज, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments