Ticker

6/recent/ticker-posts

केला लदी आयशर जामुन के पेड़ से टकराई, चालक समेत खलासी हुआ घायल...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुगवा के बाग के पास बीती रात एक तेज रफ्तार केला लदी टाटा आयशर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े जामुन के पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक और खलासी गाड़ी में ही फंस गए। घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल चायल चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मनीष पाल, उपनिरीक्षक रामस्वरूप, कांस्टेबल नरेंद्र पाल एवं कांस्टेबल विष्णू तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत करते हुए गाड़ी में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान कृष्ण कुमार पुत्र माला राम निवासी अमरकंटक मध्य प्रदेश तथा खलासी की पहचान विक्की केवट पुत्र रतन केवट निवासी सरोवर मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments