Ticker

6/recent/ticker-posts

नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी स्थानीय...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : सराय अकिल कोतवाली क्षेत्र के मोहद्दीनपुर उर्फ बहुंगरी गांव में शनिवार तड़के एक युवक का शव नीम के पेड़ से बिजली के तार के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, मोहद्दीनपुर उर्फ बहुंगरी निवासी मन्नी लाल अपने परिवार के साथ गांव के बाहर मंझनपुर-प्रयागराज मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बने मकान में रहते हैं। उनके तीसरे पुत्र राजेश कुमार (30) का शव शनिवार सुबह घर से लगभग 40 मीटर दूर नीम के पेड़ से बिजली के तार के सहारे लटका मिला। बताया जाता है कि सुबह करीब पांच बजे छोटे भाई हेमराज ने घर से बाहर निकलते समय शव को लटका देखा। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना पर सराय अकिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता मन्नी लाल की तहरीर पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर शेर सिंह राजपूत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के बीच पति-पत्नी के बीच विवाद की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments