रिपोर्ट-विकास कुमार पटेल
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में जीटी रोड स्थित पूरामुफ्ती गेट के समीप शनिवार को एक युवक लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। युवक की गर्दन पर चोट के निशान थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उठाकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक ने लोगों को बताया कि वह फतेहपुर जनपद के धाता क्षेत्र का रहने वाला है और किसी व्यक्ति के साथ पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में आया था। इसी दौरान कुछ नकाबपोश बदमाशों ने कथित तौर पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन पर चोटें आईं। इसके बाद आरोपी उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
जीटी रोड किनारे घायल अवस्था में युवक को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है। युवक पर हमला किस वजह से किया गया और वारदात में कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी मिलने का इंतजार है।
0 Comments