रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी को तमंचे के बल पर लूट लिया। बदमाश 10 हजार रुपये नकद, करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण, 2 किलो चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बड़ेसर गांव निवासी पूर्व बीएसएफ जवान गणेश प्रसाद सोनी समदा चौराहे पर सर्राफा की दुकान चलाते हैं। शनिवार शाम करीब 7:15 बजे दुकान बंद कर वह बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में सोखना तालाब के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट करते हुए बैग छीन लिया। पीड़ित के अनुसार, बैग में करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण, 2 किलो चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद रखे थे। बदमाश उनका मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मंझनपुर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।
0 Comments