Ticker

6/recent/ticker-posts

विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, आकर्षक मॉडलों ने अतिथियों का मोहा मन...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : एमवी कॉन्वेंट स्कूल एण्ड कॉलेज, पूरामुफ्ती में 13 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का शानदार प्रदर्शन कर अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न आकर्षक मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपने मॉडलों के माध्यम से विज्ञान के जटिल सिद्धांतों और आधुनिक तकनीकों को बेहद सरल एवं रोचक तरीके से समझाया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनकी मेहनत देखकर अतिथियों ने जमकर सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. एसपी गौतम (डायरेक्टर, एमवीआईईटी), डॉ. अजय सिंह (डीन, एमवीआईईटी) एवं श्रीमती जया त्रिपाठी (प्रधानाचार्या, बीटीसी एमवी) मौजूद रहीं।

अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया और उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनुभा शर्मा ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को प्रयोग और अनुभव के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करना भी है। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

 सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में प्रिशा यादव, अवनीश पाल, इशिका शर्मा और प्रत्यूष गुप्ता सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में प्रधानाचार्या अनुभा शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर कराने की प्रतिबद्धता जताई, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिल सके।

Post a Comment

0 Comments