रिपोर्ट-विजेन्द्र सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर पुलिस चौकी के पास जीटी रोड पर शनिवार को ऑटो और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सल्लाहपुर निवासी अल्ली के रूप में हुई है, जो ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि हादसे के समय ऑटो में कोई सवारी नहीं बैठी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रयागराज की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की ऑटो से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे चली गई, जबकि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान ऑटो चालक वाहन में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
0 Comments