Ticker

6/recent/ticker-posts

युवक की मौत पर परिजनों का हंगामा, निष्पक्ष जांच की मांग पर चक्काजाम...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के डक शरीरा गांव निवासी युवक राजू गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। तीन दिन पहले अपने साथी सोनू के साथ बाइक से घर से निकले राजू का रक्तरंजित शव गुरुवार देर रात सैनी थाना क्षेत्र के गोरियों गांव के समीप रेल लाइन पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक, राजू अपने साथी सोनू के साथ बाइक से घर से निकला था, लेकिन सोनू बाइक लेकर वापस लौट आया और राजू के बारे में परिजनों को संतोषजनक जानकारी नहीं दी। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान सोनू लगातार बहाने बनाता रहा। इसके बाद राजू की तलाश की गई तो उसका शव रेल लाइन के पास मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि राजू और उसके पिता नाथन के बीच करीब 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद था। इसी विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। वहीं, राजू के साथी सोनू की भूमिका को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि हत्या के बाद शव को रेल लाइन के पास फेंका गया हो सकता है। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव गांव पहुंचने पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने राम वन गमन मार्ग पर अजगरौली के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

इससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर महेवाघाट थाना पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संदिग्ध लोगों की भूमिका की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments