Ticker

6/recent/ticker-posts

आलमचंद पानी टंकी बनी शोपीस, जर्जर पाइपलाइन से सड़कों पर बह रहा पानी...

रिपोर्ट-वीरेन्द्र कुमार 

कौशाम्बी : क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए बनाई गई आलमचंद पानी टंकी इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। टंकी से पुरानी और जर्जर पाइपलाइन के जरिए पानी की सप्लाई किए जाने के कारण जगह-जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे एक ओर जहां लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, वहीं दूसरी ओर बड़ी मात्रा में पानी सड़कों पर बहकर जलभराव और कीचड़ की स्थिति पैदा कर रहा है। हर्रायपुर चौराहे से बदनपुर घाट जाने वाले मार्ग पर चौराहे से कुछ ही दूरी पर कई महीनों से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त बताई जा रही है। पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण सड़क पर कीचड़ जमा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो नवरात्र के दौरान गंगा घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ेगा। ग्रामीणों का आरोप है कि पुरानी पाइपलाइन जर्जर होने के कारण आए दिन कहीं न कहीं टूट जाती है।

इससे पानी की बर्बादी होने के साथ ही गांवों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विभाग से जर्जर पाइपलाइन को तत्काल बदलवाने और सड़क पर बह रहे पानी की समस्या दूर कराने की मांग की है, ताकि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

Post a Comment

0 Comments