Ticker

6/recent/ticker-posts

मां की हत्या की साजिश में बेटी गिरफ्तार, प्रेमी संग मिलकर दिया वारदात को अंजाम...

रिपोर्ट-संदीप कुमार 


कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव में 55 वर्षीय राजमती की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। मां की हत्या की साजिश में उसकी ही छोटी बेटी और बेटी का प्रेमी शामिल निकले। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार शाम जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग में मां के विरोध के चलते बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात राजमती के पति गिरधारी लाल सरोज अपनी चारों बेटियों और दामाद के साथ भरवारी में दशहरा मेला देखने गए थे। घर पर राजमती अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी दिलीप घर पहुंचा और ईंट से राजमती के सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी। रात करीब दस बजे जब परिजन घर लौटे तो आंगन में राजमती का शव पड़ा मिला। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।

शादी के विरोध पर रची हत्या की साजिश...

अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह के मुताबिक, राजमती की छोटी बेटी का प्रेम प्रसंग उसकी बड़ी बहन के देवर दिलीप से चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन राजमती इस रिश्ते के खिलाफ थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि मां के विरोध से नाराज बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

फोन लोकेशन से खुला साजिश का राज...

पुलिस के अनुसार, बेटी फोन के जरिए दिलीप को घरवालों की लोकेशन की जानकारी देती रही। वह हत्या से पहले और वारदात के बाद भी प्रेमी के संपर्क में थी। पुलिस ने घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान दोनों की भूमिका सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार शाम दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट बनी चिंता का विषय...

जिले में पारिवारिक विवाद, प्रेम प्रसंग और जमीन संबंधी मामलों में हत्या की घटनाएं सामने आने से सामाजिक रिश्तों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रसूलपुर गिरसा की यह घटना भी रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट और विवाद के गंभीर परिणामों को उजागर करती है।

Post a Comment

0 Comments