Ticker

6/recent/ticker-posts

किसानों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की पहल, एनसीएफई ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : किसानों एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को आर्थिक रूप से जागरूक, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केंद्र (एनसीएफई) की ओर से विकासखंड चायल के कंपोजिट विद्यालय रसूलाबाद उर्फ कोईलाहा में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सेबी/एनसीएफई प्रशिक्षक राहुल श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में किसानों एवं प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता, बचत और निवेश का महत्व, आर्थिक प्रबंधन, बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सुरक्षित निवेश के विकल्पों और साइबर एवं वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपायों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। प्रशिक्षक राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि किसानों के आर्थिक विकास और आत्मनिर्भरता के लिए वित्तीय जागरूकता बेहद जरूरी है। किसानों को अपनी मेहनत की कमाई का सही प्रबंधन करना चाहिए और किसी भी योजना या निवेश में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से सामूहिक आर्थिक विकास और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती फरहत अनीस ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय साक्षरता प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है।

विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को बचत, निवेश, बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं की सही जानकारी होनी चाहिए, जिससे वे अपनी आय का उचित प्रबंधन कर सकें और आर्थिक धोखाधड़ी से बच सकें। उन्होंने कहा कि एनसीएफई की ओर से आयोजित ऐसे जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय शिक्षा को बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में शिक्षिकाएं संध्या पाण्डे, पद्मिनी पाण्डे, मनुजा, रश्मि सरन, हाशमीन फातिमा, पियूश्री चाट्टोराज, अंशु कुशवाहा और जरीन नफ़ीस सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments