रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में सराय अकिल थाना क्षेत्र के भावापुर तिलगोड़ी नरवा स्टेडियम के पास सोमवार को हुई दर्दनाक दुर्घटना में एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। अनियंत्रित ट्रैक्टर से कूदकर बचने की कोशिश में चालक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गौतम (30 वर्ष) पुत्र बलवंत, निवासी गोमदापुर गौरा के रूप में हुई है, जो स्थानीय ईंट भट्ठे का ट्रैक्टर चलाता था। सोमवार दोपहर वह ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप से डीज़ल भरवाकर लौट रहा था। जैसे ही वह भावापुर तिलगोड़ी नरवा स्टेडियम के पास पहुंचा, ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। खुद को बचाने के लिए गौतम ने ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ गया और आगे जाकर पलट गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायल गौतम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चायल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक गौतम की शादी 5 वर्ष पूर्व हुई थी और उसके पीछे डेढ़ साल का एक छोटा बच्चा है। पत्नी और बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
0 Comments