Ticker

6/recent/ticker-posts

जिले को मिली विकास की सौगात, करोड़ों की परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 


महोबा जनपद में 27 फरवरी को विकास को नई गति देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरू’ ने शुक्रवार को करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने जिले की चारों नगर निकायों—नगर पालिका परिषद महोबा, नगर पालिका परिषद चरखारी, नगर पंचायत कबरई और नगर पंचायत कुलपहाड़—को कई अहम परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं को मुख्य रूप से ‘वंदन योजना’, ‘मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (सीएम-वीएनवाई)’, ‘पं. दीनदयाल नगर विकास योजना’ और ‘स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय’ के तहत स्वीकृति मिली है। इन कार्यों से जहां शहरी आधारभूत संरचना मजबूत होगी, वहीं धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भी विकास सुनिश्चित होगा।

महोबा नगर पालिका में धार्मिक स्थलों का विकास...

नगर पालिका परिषद महोबा की ओर से ‘वंदन योजना’ के तहत माँ चन्द्रिका देवी मंदिर परिसर एवं बौद्ध मठ के पास नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण किया गया। ट्यूबवेल से बौद्ध मठ तथा कारकदेव मंदिर से बौद्ध मठ तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित किया गया। इसके अलावा खनिज न्यास निधि एवं वंदन योजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में लगभग 1.75 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण हुआ। चरखारी में सड़कें और सार्वजनिक शौचालय नगर पालिका परिषद चरखारी में ‘पं. दीनदयाल नगर विकास योजना’ के तहत वार्ड रूपनगर एवं कजियाना में लगभग 1.17 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सीसी सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित किया गया। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर पालिका परिसर में नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण किया गया।

कबरई में पुस्तकालय, पार्क और योगशाला...

नगर पंचायत कबरई में ‘मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना’ के तहत 88 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पुस्तकालय, अंबेडकर नगर वार्ड में चिल्ड्रेन पार्क, इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। साथ ही 1.85 करोड़ रुपये की लागत से रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास योगशाला एवं बहुउद्देश्यीय सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया गया। ‘वंदन योजना’ के तहत 1.54 करोड़ रुपये की लागत से पांच पहाड़ी मंदिर, बूढ़े हनुमान मंदिर और राम जानकी मंदिर में शेड एवं सीसी रोड निर्माण कार्य का भी शिलान्यास हुआ।

कुलपहाड़ में मंदिर विकास और बाजार निर्माण...

नगर पंचायत कुलपहाड़ में ‘वंदन योजना’ के अंतर्गत माँ बाघराजन मंदिर के परिक्रमा मार्ग, सीसी रोड एवं शेड निर्माण कार्य को 1.18 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण कर श्रद्धालुओं को समर्पित किया गया। इसके अतिरिक्त लगभग 1.36 करोड़ रुपये की लागत से तहसील के सामने निकाय भूमि पर दुकानों एवं आधुनिक पुस्तकालय के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ‘गुरू’ ने कहा कि प्रदेश सरकार महोबा के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण के साथ-साथ सड़कों, पुस्तकालयों और पार्कों के निर्माण से नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी परियोजनाएं महोबा को स्वच्छ, सुंदर और विकसित जनपद बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी। इस अवसर पर सदर विधायक पं. राकेश गोस्वामी, सभी निकायों के चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी, कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments