रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी। करारी कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत करारी स्थित नयागंज वार्ड में शनिवार को चोरी की एक घटना से हड़कंप मच गया। घर के मालिक के नमाज़ पढ़ने मस्जिद जाने के दौरान अज्ञात चोर घर में घुसकर हजारों रुपये का सामान समेट ले गया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार नयागंज वार्ड निवासी मोहम्मद अकील पुत्र जवाहिर रिज़वी जोहर शनिवार को शिया जामा मस्जिद में नमाज़ पढ़ने गए थे। इसी दौरान चोर उनके घर में दाखिल हो गया और घर में रखे बर्तन समेत अन्य सामान समेटकर फरार हो गया। नमाज़ पढ़कर लौटे अकील ने जब घर का सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए।
पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी है। मोहम्मद अकील ने करारी कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी इससे पहले भी कस्बे में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पीड़ित के अनुसार चोर हजारों रुपये का सामान उठा ले गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
0 Comments