ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जनपद में चरवा थाना क्षेत्र के जुगवा स्थित पानी टंकी के पास रविवार शाम करीब 7 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार रामनाथ पुत्र रवेन्द्र निवासी जुगवा किसी कार्य से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए प्रयागराज ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही चरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
0 Comments