रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में पिपरी थाना क्षेत्र के गिरिया खालसा गांव के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला के कुएं में गिरने की चीख सुनाई दी। आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से महिला की जान बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बबली (पत्नी राजेश कुमार), निवासी कादीपुर थाना मंझनपुर, किसी कारणवश गांव के बाहर स्थित कुएं में गिर गईं। भट्ठे की ओर जा रहे लोगों ने कुएं से मदद की पुकार सुनी तो तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तथा चायल चौकी इंचार्ज मनीष पाल, उपनिरीक्षक रामस्वरूप एवं कांस्टेबल नरेंद्र पाल तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।
ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला। घायल अवस्था में महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चायल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना ने एक बार फिर ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता की सराहनीय मिसाल पेश की है।
0 Comments