ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : जिले के नसीरपुर गांव की रहने वाली बिलनी देवी ने अपनी बहन की संदिग्ध मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी बहन मनीषा की ससुराल वालों ने आग से जलाकर हत्या कर दी और बाद में पुलिस को सूचना दिए बिना जल्दबाजी में शव का अंतिम संस्कार कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार मनीषा का विवाह करीब 10 वर्ष पूर्व मथुरा जनपद के थाना मगोर्रा क्षेत्र स्थित मल्हू गांव निवासी केदार सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद उनकी एक 9 वर्षीय पुत्री दीपिका भी है। आरोप है कि 15 मई 2026 को सास, देवर भग्गू, पप्पू तथा देवरानी कलावती समेत अन्य ससुरालीजनों ने मिलकर मनीषा को संदिग्ध परिस्थितियों में आग के हवाले कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना मायके पक्ष को नहीं दी गई और न ही पुलिस को जानकारी देकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
आरोप है कि बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की सुनियोजित साजिश है। बिलनी देवी ने बताया कि मामले की शिकायत थाना मगोर्रा में की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने 24 मई 2026 को आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है। हालांकि, पुलिस का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका था।
0 Comments