ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : शहर के हीवेट रोड स्थित कारोबारी परिवार के चारहरे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार परिवार का बड़ा बेटा अभिषेक वैश्य ही अपने माता-पिता और बहन की हत्या का मुख्य आरोपी निकला। उसने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। बाद में लूटे गए गहनों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सनी ने अभिषेक की भी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सनी गुप्ता को हिरासत में ले लिया है। उसके कब्जे से लूटे गए कीमती गहने भी बरामद किए गए हैं। सनी स्थानीय स्तर पर चाय की दुकान चलाता है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य (70), उनकी पत्नी अनीता वैश्य (65) और बेटी मीनाक्षी वैश्य (45) के शव उनके घर के अंदर मिले थे। घर बाहर से बंद था। कुछ समय बाद मकान के नीचे स्थित एक दुकान से बड़े बेटे अभिषेक वैश्य का शव भी बरामद हुआ। दुकान पर भी बाहर से ताला लगा था, जिससे मामला और रहस्यमय बन गया था।
संपत्ति और पारिवारिक विवाद बना वजह...
वीरेंद्र वैश्य का हीवेट रोड चौराहे पर दो मंजिला मकान है, जिसके निचले हिस्से में 14 दुकानें हैं। इनमें से अधिकांश दुकानें किराए पर दी गई हैं। परिवार ऊपरी मंजिल पर रहता था। पुलिस जांच में सामने आया कि अभिषेक और उसके पिता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार को अभिषेक की संगत और गतिविधियों पर आपत्ति थी। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र वैश्य उसे संपत्ति से बेदखल करने की तैयारी कर रहे थे, जिससे अभिषेक नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर परिवार की हत्या की साजिश रची। वारदात के बाद दोनों ने घर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के गहने लूट लिए।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश...
जांच के दौरान पुलिस को मृतक दंपति के शव के पास एक गत्ते पर लाल पेन से लिखा संदेश मिला था— "बंटी, बबली और बहू ने मारा"। प्रारंभिक तौर पर इस संदेश ने जांच को दूसरी दिशा में मोड़ दिया था। हालांकि पुलिस के अनुसार यह संदेश अभिषेक ने ही लिखा था, ताकि शक उसके छोटे भाई अश्विनी और उसकी पत्नी पर जाए।
गहनों के बंटवारे में हुआ विवाद...
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद लूटे गए गहनों के बंटवारे को लेकर अभिषेक और सनी के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद में सनी ने अभिषेक की भी हत्या कर दी और शव को दुकान में बंद कर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा बरामद साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट तैयार की जाएगी।
0 Comments