रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के इमली गांव स्थित बगीचे में 29 मई को मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और टिफिन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 29 मई की रात ग्राम इमली गांव के एक बगीचे में महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में पता चला कि मृतका मनीता देवी अपने पति को घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित गोड़ा पर खाना देने गई थीं। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, तो उनका शव रास्ते में एक बगीचे में पड़ा मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर स्थानीय पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को मामले के खुलासे के लिए लगाया गया। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी अर्जुन पासी पुत्र धर्मराज पासी निवासी खिजिरपुर कैलई उर्फ इमलीगांव की पहचान की।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार को पुलिस ने आरोपी को फकीराबाद पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि घटना वाली रात वह अपनी बाग से लौट रहा था। रास्ते में मनीता देवी से मुलाकात हुई, जिन्होंने कथित रूप से उसे गाली दी। इससे नाराज होकर उसने महिला का गला दबा दिया और मौत होने के बाद शव को बांस की कोठ और बालू के ढेर के बीच छिपा दिया। आरोपी ने मृतका का मोबाइल और टिफिन भी पास के बगीचे में छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नोकिया की-पैड मोबाइल फोन और टिफिन बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना सराय अकिल में मु0अ0सं0 155/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्यवाही में सराय अकिल थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 Comments