Ticker

6/recent/ticker-posts

पूरामुफ्ती में अकीदत से निकाल गया ताज़िया जुलूस, कर्बला में हुआ सुपुर्द-ए-खाक...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह

प्रयागराज : मोहर्रम के अवसर पर रविवार को पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में ताज़िया जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में निकाला गया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। पूरामुफ्ती, फतेहपुर घाट, सल्लाहपुर, मनौरी, अहमदपुर पावन समेत आसपास के कई गांवों में हज़रत इमाम हुसैन की याद में ताज़िए और आलम इमामबाड़ों में रखे गए। सुबह से ही बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने पहुंचकर ज़ियारत की तथा महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं ने मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। शाम करीब पांच बजे फातिहा, तिलावत-ए-कुरआन और ज़िक्र-ए-कर्बला का सिलसिला शुरू हुआ।

इस दौरान लंगर-ए-हुसैनी का भी वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद इमामबाड़े से पारंपरिक ताज़िया जुलूस निकाला गया। जुलूस की शुरुआत मोहम्मद साबिर की नोहाख्वानी से हुई। "या हुसैन, या हुसैन" की सदाओं और मातम के बीच अज़ादारों ने हज़रत इमाम हुसैन और कर्बला के 72 शहीदों की कुर्बानियों को याद करते हुए उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश किया।

जुलूस पूरामुफ्ती गेट, पुरानी बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए बिहका गांव स्थित कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताज़ियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, धार्मिक आस्था और सांप्रदायिक सौहार्द का उत्कृष्ट माहौल देखने को मिला है।

Post a Comment

0 Comments