Ticker

6/recent/ticker-posts

फतेहपुर घाट के विकास की उठी मांग, मुख्यमंत्री योगी को भेजा गया ज्ञापन...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 


प्रयागराज : सदर तहसील अंतर्गत विकास खंड भगवतपुर क्षेत्र के ग्राम सभा उजहिनी पट्टी कासिम उर्फ फतेहपुर घाट के ग्रामीणों, मंदिर पुजारियों एवं संत समाज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन देकर फतेहपुर घाट पर पक्का घाट निर्माण, प्राचीन शिव एवं राधा-कृष्ण मंदिरों के जीर्णोद्धार तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन में नन्दु बाबा, शिव मंदिर के पुजारी विनोद कुमार निषाद, सीताराम बाबा मनौरी वाले सहित ग्रामीणों ने बताया कि फतेहपुर घाट ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व का स्थल है। उनका कहना है कि रामचरितमानस में वर्णित प्रसंग के अनुसार भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण वनवास के दौरान श्रृंगवेरपुर से होते हुए फतेहपुर घाट पहुंचे थे, जिससे इस स्थान का विशेष धार्मिक महत्व है।

ग्रामीणों ने बताया कि घाट पर प्रत्येक अमावस्या को गंगा आरती होती है तथा चैत्र, गंगा दशहरा, तीज, विजयदशमी और मलमास सहित विभिन्न अवसरों पर विशाल मेले आयोजित होते हैं। विजयदशमी पर करीब 250 प्रतिमाओं का विसर्जन भी इसी घाट पर होता है, जहां लाखों श्रद्धालु स्नान और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि घाट पर महिलाओं के लिए कपड़े बदलने की व्यवस्था, सुलभ शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। वहीं राधा-कृष्ण मंदिर अत्यंत जर्जर स्थिति में है और उसकी छत व दीवारों में दरारें आने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2023 में शिव मंदिर के समीप पक्का घाट निर्माण के लिए नाप भी हुई थी, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि श्रृंगवेरपुर, दारागंज, झूंसी, अरैल और संगम घाट की तर्ज पर फतेहपुर घाट का भी विकास कराया जाए तथा पक्का घाट, सीढ़ियों, मंदिरों के जीर्णोद्धार और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराई जाए।

Post a Comment

0 Comments