रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महोबा संरक्षण एवं विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कजरी महोत्सव एवं कजली मेला का आयोजन 29 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक एक सप्ताह तक कराने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि महोबा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से कजरी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आल्हा-ऊदल की वीरभूमि महोबा की ऐतिहासिक धरोहरों से लोगों को परिचित कराने के लिए प्रतिदिन सांस्कृतिक, लोककला एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों के माध्यम से बुंदेली संस्कृति को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने आयोजन समिति को प्रतिदिन होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका को वाहन पार्किंग, ठेका व्यवस्था, ई-लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा लोक निर्माण विभाग को स्टेशन रोड की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। कीरत सागर क्षेत्र में बैरिकेडिंग, प्रकाश और स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने मेले के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झूलों सहित सभी गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और किसी भी नई परंपरा को बिना अनुमति लागू नहीं होने दिया जाएगा।
विधायक राकेश गोस्वामी ने गत वर्ष से बेहतर स्तर पर मेले का आयोजन कराने पर बल दिया, जबकि विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर ने स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संतोष चौरसिया, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर पंकज, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सूर्यकांत त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित आयोजन समिति के सदस्य, जिला स्तरीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
0 Comments