Ticker

6/recent/ticker-posts

मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ का आरोप, विहिप नगर अध्यक्ष ने पुलिस को दी तहरीर...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चायल खास निवासी एवं विश्व हिन्दू परिषद के नगर अध्यक्ष राजू सनातनी ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कुछ नामजद और अन्य लोगों पर मंदिर में तोड़फोड़, घर में घुसकर मारपीट, जानलेवा हमला तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दी गई तहरीर के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7 बजे वह प्रतिदिन की तरह मंदिर में साफ-सफाई कर रहे थे। आरोप है कि कोचिंग संचालक समेत कई लोगों के साथ लगभग 30 से 35 लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे और उन्हें मंदिर के बाहर खींचकर मारपीट की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ भी मारपीट की तथा मंदिर में स्थापित लक्ष्मी जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमले के दौरान उनकी 15 वर्षीय पुत्री के साथ अशोभनीय हरकत की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। वहीं उनके पुत्र के सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार और परिवार की सुरक्षा तथा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता की तहरीर पर आधारित हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान या मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि प्राप्त नहीं हो सकी थी।

Post a Comment

0 Comments