रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के प्रयोग के विरोध में शुक्रवार को चरवा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने पुतला छीन लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जो छात्र देश का भविष्य हैं, उनके साथ लाठीचार्ज और अभद्रता की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छात्र हितों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अजय राय सहित अन्य नेताओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। गौरव पाण्डेय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों और नौजवानों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष कौशलेश द्विवेदी, उदय यादव, जिला महासचिव सुरेन्द्र शुक्ला, जिला सचिव हेमंत रावत, रमेश यादव, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सचिन पाण्डेय, नगर अध्यक्ष संगीता कोरी, ब्लॉक अध्यक्ष रावेंद्र यादव, प्रदीप सिंह पटेल, राजबहादुर पासी, आलोक यादव, कैलाश केसरवानी, राकेश पाल, विकास पाल, रमेश आर्या, रोहित पाण्डेय, आयुष यादव, प्रदीप कुमार, श्रवण यादव, मनीष यादव, दीपक कुशवाहा, मनोहर यादव, हिमांशु केसरवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 Comments