Ticker

6/recent/ticker-posts

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपनघाट थाना क्षेत्र के क्यामुद्दीनपुर गांव में गुरुवार दोपहर निर्माणाधीन मकान पर काम के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, क्यामुद्दीनपुर गांव निवासी विष्णु पटेल के निर्माणाधीन मकान की छत का लिंटर डालने की तैयारी चल रही थी। मजदूर सरिया का जाल बांध रहे थे। इसी दौरान सरिया मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। तेज करंट की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। साथ में काम कर रहे मजदूरों और मकान मालिक ने तत्काल घायल को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान संतोष कुमार पटेल (29) पुत्र स्वर्गीय मिश्री लाल पटेल, निवासी मारूफपुर अमहा भरवारी थाना कोखराज जनपद कौशाम्बी के रूप में हुई है। संतोष मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। जवान बेटे की असमय मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर संदीपनघाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह हादसा निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन और हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है। थोड़ी सी लापरवाही ने एक परिवार का सहारा हमेशा के लिए छीन लिया।

Post a Comment

0 Comments