रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जिलाधिकारी प्रभास कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को अतिवृष्टि एवं बारिश से हुई फसल क्षति के आकलन तथा प्रभावित किसानों को मुआवजा एवं फसल बीमा क्लेम का भुगतान कराए जाने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी तथा फसल बीमा से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिले में हाल के दिनों में हुई बारिश एवं अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की समीक्षा की गई। उपजिलाधिकारियों और कृषि विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई फसल क्षति संबंधी सूचनाओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फसल क्षति का सर्वेक्षण एवं आकलन दोबारा गंभीरता से जांचा जाए, ताकि अतिवृष्टि से प्रभावित कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रह जाए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार दो दिन के भीतर सर्वेक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई पूरी कर सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे शासन को किसानों की सहायता के लिए आवश्यक मांग एवं प्रस्ताव समय से भेजा जा सके।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अतिवृष्टि से प्रभावित बीमित किसानों के फसल बीमा क्लेम का भुगतान भी शीघ्र सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करते हुए पात्र किसानों को समय से लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को सहायता दिलाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ फसल क्षति का आकलन, सूचनाओं का संकलन और मुआवजा एवं बीमा क्लेम से संबंधित कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
0 Comments