रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : नगर पंचायत चरवा के वार्ड नंबर-9 स्थित सरदार पटेल नगर, पहाड़पुर में तालाब में कचरा डंप किए जाने के आरोप को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब में लगातार कचरा डाले जाने से जहां गंदगी बढ़ रही है, वहीं आसपास रहने वाले लोगों को दुर्गंध और अस्वच्छ वातावरण का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक तालाब में कचरा डाले जाने का जब उन्होंने विरोध किया तो विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि विरोध करने वाले कई ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। मुकदमे की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में असंतोष है और उनका कहना है कि समस्या के समाधान के बजाय विरोध करने वालों पर कार्रवाई की गई। ग्रामीणों ने नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था और कचरा निस्तारण की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
उनका कहना है कि यदि कचरे के निस्तारण के लिए उचित व्यवस्था हो तो तालाब में कूड़ा डालने की स्थिति ही न बने। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, तालाब में कचरा डंप किए जाने पर तत्काल रोक लगाने तथा तालाब और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कराने की मांग की है। साथ ही मुकदमे की कार्रवाई की भी जांच कराए जाने की मांग उठाई गई है। अब देखना है कि ग्रामीणों की शिकायत पर नगर पंचायत और संबंधित अधिकारी क्या कार्यवाही करते हैं।
0 Comments