Ticker

6/recent/ticker-posts

जिले में धूमधाम से मनी गांधी-शास्त्री जयंती, डीएम ने अनाथालय में बांटे फल...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 


महोबा : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जनपद महोबा में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व इंद्र नंदन सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकांत त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह, डिप्टी कलेक्टर धीरेन्द्र कुमार सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किए गए। इसके बाद दोनों महापुरुषों के जीवन एवं विचारों पर गोष्ठी आयोजित की गई। जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह और सविनय अवज्ञा आंदोलन के माध्यम से देशवासियों में स्वतंत्रता की चेतना जगाई और सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्शों को अपनाकर तथा सभी को साथ लेकर ही देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करते हुए समस्याओं का समाधान करने की बात कही। अपर जिलाधिकारी इंद्र नंदन सिंह ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए और प्रयास होना चाहिए कि कोई भी फरियादी कार्यालय से निराश होकर न लौटे। अपर जिलाधिकारी सूर्यकांत त्रिपाठी ने जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने पर जोर दिया। एडीएम न्यायिक सुखबीर सिंह ने सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

गोष्ठी के बाद जिलाधिकारी ने अनाथालय पहुंचकर बच्चों को फल वितरित किए। उन्होंने बच्चों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं देशहित में उनके योगदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इस दौरान एडीएम इंद्र नंदन सिंह, एडीएम न्यायिक सुखबीर सिंह, एसडीएम शिवध्यान पांडे सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में वरिष्ठ कोषाधिकारी देव कुमार यादव सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments