रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील महोबा में जिलाधिकारी प्रभास कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 110 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 09 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह तथा उपजिलाधिकारी महोबा शिवध्यान पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं तहसील कुलपहाड़ में उपजिलाधिकारी आदेश सिंह सागर की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 80 शिकायतों में से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील चरखारी में मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार की अध्यक्षता तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. राजेश की उपस्थिति में जनसुनवाई हुई। यहां 73 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 03 का मौके पर निस्तारण कराया गया। इस प्रकार तीनों तहसीलों में कुल 263 शिकायतें प्राप्त हुईं और 14 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।
चरखारी में प्राप्त शिकायतों में जल निगम, ग्रामीण एवं नगरीय विकास, लोक निर्माण विभाग, चिकित्सा तथा विद्युत विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रहे। अधिकारियों को शेष शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं विधिक समाधान करने के निर्देश दिए गए। तहसील महोबा में जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण से पहले शिकायतकर्ता से बात अवश्य की जाए। यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित न माना जाए। डीएम ने आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। निस्तारण की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी और फर्जीवाड़ा मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लेखपालों को गांवों में जाकर ग्रामीणों को सूचित कर उनकी समस्याएं सुनने तथा बड़ी समस्याओं की जानकारी उपजिलाधिकारी को देने के निर्देश भी दिए।
0 Comments