Ticker

6/recent/ticker-posts

मंदरी में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ PDA की बड़ी कार्यवाही, पुलिस ने तीन मुकदमे किए दर्ज...

रिपोर्ट-घनश्याम कुमार 

प्रयागराज : शहर में अवैध प्लॉटिंग कर अनधिकृत कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) और कमिश्नरेट पुलिस ने कार्यवाही तेज कर दी है। PDA की ओर से दी गई तहरीरों के आधार पर एयरपोर्ट और पूरामुफ्ती थाने में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि संबंधित लोगों द्वारा सक्षम प्राधिकारी से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना जमीन पर अवैध तरीके से प्लॉटिंग की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के जोन-2/उपजोन-2 के अंतर्गत थाना एयरपोर्ट क्षेत्र के मौजा गांजा और पूरामुफ्ती क्षेत्र के मौजा मंदरी में अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया था। बीते 16 नवंबर को PDA की प्रवर्तन टीम ने संबंधित स्थलों पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही भी की थी। इस दौरान मौके पर मौजूद भूखंड खरीदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें अवैध रूप से प्लॉट बेचे गए हैं।

कुछ खरीदारों ने एक ही भूखंड को कई लोगों को बेचने और अन्य भूखंडों पर कब्जा दिलाने में अनियमितताओं की शिकायत भी की थी। प्राधिकरण की तहरीर पर एयरपोर्ट थाने में फाजिल जाफरी व अन्य के खिलाफ मुकदमा संख्या 200/2026 दर्ज किया गया है। वहीं, पूरामुफ्ती थाने में मौजा मंदरी में अवैध प्लॉटिंग के मामले में इमरान, जीशान पुत्रगण जई और इश्तशाम अहमद के खिलाफ मुकदमा संख्या 176/2026 तथा तारिक के खिलाफ मुकदमा संख्या 177/2026 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। फिलहाल उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर तीनों मामलों की विवेचना की जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध तरीके से कॉलोनियां विकसित करने और भूखंडों की खरीद-बिक्री में अनियमितता करने वालों में हलचल मची हुई है।

Post a Comment

0 Comments