Ticker

6/recent/ticker-posts

तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से महिला की मौत, कई सवारियां घायल

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के महगांव के समीप तेज रफ्तार और लापरवाही एक महिला की जान पर भारी पड़ गई। अनियंत्रित ऑटो ने सड़क किनारे जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार मृतका रामकली (पत्नी हनुमान), निवासी ग्राम मलाक मोहीउद्दीपुर, पास ही स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत थी। रोज की तरह ड्यूटी खत्म कर वह जीटी रोड किनारे अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह अपने गांव के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा गिरा।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ऑटो में सवार कई यात्रियों के भी घायल होने की सूचना है, जिनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments