रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : जनपद में सराय अकिल व करारी थाना क्षेत्र में हुई दो सनसनीखेज झपटमारी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। दिनदहाड़े जरैनी गांव के पास एक महिला से मंगलसूत्र लूट और लक्ष्मणपुर तिराहे पर दूसरी महिला को निशाना बनाने वाले शातिर बदमाशों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से इन वारदातों को अंजाम दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था, जिससे पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव था। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।
तिल्हापुर-नहर मार्ग पर घेराबंदी कर पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में एक आरोपी को दबोच लिया।
पकड़ा गया अभियुक्त मो. सैफ उर्फ बाटे निवासी कौधियारा, प्रयागराज का रहने वाला है, जो लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। वहीं दूसरा आरोपी बाइक छोड़कर झाड़ियों के रास्ते फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटे गए मंगलसूत्र के दो लॉकेट और घटना में प्रयुक्त सफेद अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने झपटमारी के अलावा प्रयागराज व मंझनपुर क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
बदमाश चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने इस सफल खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
0 Comments