रिपोर्ट-स्वाति यादव
कौशाम्बी : नेवादा ब्लॉक के ग्राम सभा तरना मजरा जयंतीपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर पोषाहार वितरण में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। सोमवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों द्वारा दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि केंद्र पर बच्चों को मिलने वाला पोषाहार नियमित रूप से वितरित नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि पोषाहार को आपस में बांटकर बेच दिया जाता है, जिससे लाभार्थी बच्चों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। शिकायत के अनुसार, बीते 8 तारीख को सुबह करीब 10 बजे एक बोरी चना दाल (पाउच) और एक बोरी तेल (पाउच) को कथित रूप से एक स्थानीय व्यक्ति के माध्यम से बेचे जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की अनियमितताएं लंबे समय से जारी हैं, लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि पोषाहार घोटाले के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों को उनका अधिकार मिल सके।
0 Comments