Ticker

6/recent/ticker-posts

तरसौरा गांव में भीषण अग्निकांड, कई घर जलकर हुए राख...

रिपोर्ट-फैजी जाफरी 

कौशाम्बी : सिराथू तहसील क्षेत्र के तरसौरा गांव में बुधवार दोपहर  भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। तेज आंधी के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते करीब 11 घर इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गए। हादसे में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नगदी जलकर नष्ट हो गई। अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों के सामने खाने और रहने का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक आग लगने के दौरान तेज हवा चल रही थी, जिससे आग तेजी से पूरे गांव में फैल गई। घरों में रखे छप्पर, भूसा और लकड़ी ने आग को और भड़का दिया। ग्रामीणों ने हैंडपंप और सबमर्सिबल के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हादसे में एक भैंस की जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरी भैंस झुलस गई। वहीं एक बकरी की भी मौत हो गई और दो अन्य बकरियां झुलस गईं।

गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
अग्निकांड में शिव बालक पुत्र मसूरियादीन, सेठलाल पुत्र छोटेलाल, फूलमती पत्नी स्वर्गीय रोशन लाल, सुखदेव प्रसाद पुत्र मसूरियादीन, सुकरी पत्नी स्वर्गीय श्यामलाल, अनोखेलाल पुत्र छोटेलाल, इंद्रलाल पुत्र समई, लक्ष्मण पुत्र सोनेलाल, प्रेमचंद पुत्र सोनेलाल, कलावती पत्नी रोशन लाल और देवतादीन समेत कई परिवारों का भारी नुकसान हुआ है।

सूचना पर एसडीएम सिराथू योगेश गौड़, सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी, कोखराज थाना प्रभारी चंद्रभूषण मौर्य, शहजादपुर चौकी प्रभारी जनार्दन सिंह, तहसीलदार और लेखपाल मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है तथा पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष से सहायता देने का आश्वासन दिया है। प्रशासन के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी हो सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments